बढ़ा यमुना का जलस्तर, प्रगति मैदान सुरंग में पानी भरने की वजह से यातायात की आवाजाही बंद: दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी स्थित प्रगति मैदान सुरंग को जलभराव के कारण सोमवार को यातायात के लिए बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यातायात पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर खाते पर यह जानकारी देते हुए कहा, जलभराव के कारण प्रगति मैदान सुरंग पर यातायात की आवाजाही बंद है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे इसको ध्यान में रखकर यात्रा करें। दिल्ली में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में शहर में 107 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

वहीं,  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पानी भरने और यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर के संबंध में सोमवार को बैठक करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक दिल्ली सचिवालय में होगी। इसमें सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग तथा दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे।

हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ने के बाद दिल्ली सरकार ने रविवार को बाढ़ की चेतावनी जारी की थी। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, शाम 4 बजे 1,05,453 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था और यह पहली चेतावनी है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के बाढ़ निगरानी पोर्टल के अनुसार, दिल्ली में नदी का जलस्तर बढ़ रहा है और मंगलवार को इसके खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार करने की आशंका है। ओल्ड रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर रविवार अपराह्न एक बजे 203.18 मीटर था, जबकि खतरे का स्तर 204.5 मीटर है। सीडब्ल्यूसी के अनुसार, मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे के बीच जलस्तर 205.5 मीटर तक बढ़ने की आशंका है।

 

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button