NCERT पैनल ने दी प्रस्ताव को मंजूरी, अब बच्चों को INDIA की जगह भारत शब्द पढ़ाया जाएगा

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान संस्थान और परिक्षण परिषद यानी NCERT की किताबों में अब INDIA नाम की जगह भारत लिखा जाएगा। एनसीईआरटी पैनल ने सभी एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों में INDIA का नाम बदलकर भारत करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया है। इस बदवाल के बाद अब छात्रों की किताबों में इंडिया की जगह भारत शब्द पढ़ाया जाएगा।
अगले सेट में बदलेगा नाम
पैनल के सदस्यों में से एक सीआई इसाक ने बताया कि एनसीईआरटी किताबों के अगले सेट में इंडिया का नाम बदलकर भारत कर दिया जाएगा। कुछ महीने पहले यह प्रस्ताव दिया गया था जोकि अब स्वीकार कर लिया गया है। समिति ने पाठ्यपुस्तकों में “हिंदू विक्ट्रीज” को उजागर करने की भी सिफारिश की है। इसने पाठ्यपुस्तकों में ‘प्राचीन इतिहास’ के स्थान पर ‘शास्त्रीय इतिहास’ को शामिल करने की भी सिफारिश की है।
जानिए कब शुरू हुई थी चर्चा
बता दें कि, इस साल की शुरुआत में चर्चा तब शुरू हुई जब केंद्र ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित जी20 रात्रिभोज के निमंत्रण को “भारत के राष्ट्रपति” के नाम पर भेज दिया, जिससे राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। इसके बाद सितंबर में पीएम मोदी की ‘भारत’ नेमप्लेट को मेज पर प्रदर्शित किया गया था। दिल्ली के प्रगति मैदान में भारत मंडपम में जी20 लीडर्स शिखर सम्मेलन को संबोधित करते समय पीएम मोदी के मेज पर भारत लिखा देखा गया था।




