पाठी ने पत्नी को ब्लेड मार किया लहुलूहान, बोला- प्यार करती है तो…, प्यार की ये कैसी परीक्षा

सिरसा : हरियाणा के सिरसा जिले में मुसाहिब वाला गुरुद्वारा के पाठी ने गुरुद्वारे में अपनी पत्नी के प्यार की परीक्षा लेते हुए उसे ब्लेड मार कर लहूलुहान कर दिया। ब्लेड मारते हुए उसने पत्नी से कहा कि अगर तुम्हारे मुंह से चीख निकली तो समझूंगा कि तुम मुझसे प्यार नहीं करती। पति को अपने प्यार का विश्वास दिलाने के लिए वह चुप रही। सूचना मिलने पर पिता ने पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पंजाब की रहने वाली है पीड़िता
जानकारी के मुताबिक जिला मानसा पंजाब निवासी पीड़िता की शादी सिरसा जिले के गांव अलीकां निवासी जगतार सिंह के साथ हुई थी। पीड़िता ने बताया कि उसका पति गांव मुसाहिब गांव के गुरुद्वारे में पाठी का काम करता है। वह अपने पति के पास 27 दिसंबर को गुरुद्वारे में आई थी। इस दौरान उसका पति उसे कहने लगा कि तू मुझे कितना प्यार करती है। पीड़िता ने जवाब दिया कि बहुत ज्यादा। उसका पति कहने लगा कि मैं तुझे चोट मारता हूं और देखता हूं कि तुम चीखती हो या नहीं। अगर चीखी तो साबित हो जाएगा कि तुम मुझे प्यार नहीं करती। इसके बाद पति जगतार ने उसका हाथ पकड़कर ब्लेड से कई जख्म कर दिए। पति को अपने प्यार का विश्वास दिलाने के लिए पीड़िता चुपचाप दर्द सहती रही, लेकिन कई जख्म होने से लहूलुहान होकर पीड़िता बेहोश हो गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक महीने पहले उसका पति के साथ झगड़ा हो गया था। पंचायत भी हुई थी। पति ने धमकी दी है कि वह उसके मां-बाप को मरवा देगा। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति से पहले भी कई तरह से उसे प्रताड़ित कर चुका है।
NEWS SOURCE : punjabkesari




