स्ट्रीग डॉग्स के लिए की गर्म वस्त्र और खाने की व्यवस्था, बेजुबानों को सर्दी से बचाने की अनूठी पहल

भिवानी : कड़ाके की सर्दी के बीच भिवानी की रामनगर कॉलोनी में एक युवक सूरज कुमार द्वारा अनूठी पहल देखने को मिली है जिसने बेजुबान स्ट्रीट डॉग्स को सर्दी से बचाने के लिए बाज़ार से डॉग कोट खरीदकर आवारा कुत्तों को पहनाए और उन्हें सर्दी से राहत देने का काम किया। इसके साथ खाने की व्यवस्था भी इन डॉग्स के लिए सूरज कुमार द्वारा की गई है।

बता दें कि रामनगर कॉलोनी निवासी सूरज कुमार ने इस नेक कार्य का बीड़ा उठाया है और शुरुआती दौर में उनके द्वारा 25 स्ट्रीट डॉग्स के लिए गर्म वस्त्र व खाने की व्यवस्था की गई। इस अनूठी पहल बारे जानकारी देते हुए रामनगर कॉलोनीवासी वरिष्ठ पत्रकार अजय सैनी ने बताया कि सूरज कुमार ने इसकी पहल की है क्योंकि ठंड केवल इंसानों को ही नहीं बल्कि इन बेजुबानों को भी लगती है। उन्होंने कहा कि ये बेजुबान हमसे कुछ नहीं मांगते, बल्कि मुफ्त में इस इलाके की सुरक्षा भी करते हैं। हमें भी इनकी मदद करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अन्य युवाओं को भी सूरज से इस तरह के नेक कार्यों की प्रेरणा लेनी चाहिए।

बहरहाल सूरज कुमार का यह नेक कार्य दूसरों के लिए प्रेरणादायक तो है ही। साथ ही साथ सराहनीय पहल भी है, क्योंकि आज के बदलते दौर में हर इंसान अपने फायदे के सिवा कुछ नहीं सोचता।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button