युद्धक विमान और नौसैनिक जहाज भी आए नजर, ताइवान का दावा- उसके हवाई क्षेत्र में फिर दिखे 6 चीनी गुब्बारे

ताइपे: ताइवान ने सोमवार को कहा कि छह चीनी गुब्बारे द्वीप के ऊपर से या उसके उत्तरी हवाई क्षेत्र से होकर उड़े हैं और क्षेत्र में चीनी युद्धक विमानों और नौसैनिक जहाजों का भी पता चला है। यहां अक्सर ऐसे गुब्बारे नजर आते हैं। ये आम तौर पर पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में गायब हो जाते हैं। इन गुब्बारों के उद्देश्यों के बारे में सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। रक्षा मंत्रालय ने ताइवान के आसपास के जल और हवाई क्षेत्र में चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की गतिविधियों की कड़ी में गुब्बारे देखे जाने का उल्लेख किया।

मंत्रालय के अनुसार, एक गुब्बारा दक्षिणी शहर पिंगटुंग के पास से गुजरा, जबकि अन्य कीलुंग बंदरगाह के उत्तर में देखे गए, जहां ताइवान का एक महत्वपूर्ण नौसैनिक अड्डा है। यह स्पष्ट नहीं है कि क्या गुब्बारे किसी सैन्य कार्रवाई के तहत ताइवान के क्षेत्र में भेजे गए थे? लेकिन लगता है कि गुब्बारे स्वशासित द्वीप के उत्पीड़न अभियान के तहत भेजे गए।

चीन का दावा है कि ताइवान उसका भूभाग है और उसे नियंत्रण में रखने के लिए वह जरूरत पड़ने पर बलपूर्वक कार्रवाई करने से भी गुरेज नहीं करेगा। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रविवार और सोमवार को सुबह, ताइवान के आसपास चार चीनी युद्धक विमानों और चार नौसैनिक जहाजों का भी पता चला है। मंत्रालय ने कहा कि ताइवान की सेना ने अपने लड़ाकू विमानों, नौसेना के जहाजों और भूमि-आधारित मिसाइल प्रणालियों के साथ स्थिति पर नजर रखी।

NEWS SOURCE :punjabkesari

Related Articles

Back to top button