भीड़ ने ईंट-पत्थर से तोड़ा SUV का शीशा, बंगाल में राहुल गांधी की गाड़ी पर हुआ हमला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। यात्रा से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। पश्चिम बंगाल के मालदा में राहुल गांधी की कार पर हमला करने का आरोप लगा है। बुधवार को बिहार से बंगाल के मालदा में एंट्री करते समय पथराव कर राहुल गांधी की कार का शीशा तोड़ दिया गया। राहत की बात है कि इस घटना में राहुल गांधी को चोट नहीं आई और वे सुरक्षित हैं। कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी ने यह दावा किया।
टेलीविजन में दिखाए गए दृश्यों में राहुल गांधी निर्धारित पड़ाव पर पहुंचने के बाद वाहन से उतरकर क्षतिग्रस्त खिड़की के शीशे का निरीक्षण करते दिख रहे हैं। यह हमला मालदा के हरिश्चंद्रपुर इलाके में तब हुआ जब यात्रा ने बिहार से पश्चिम बंगाल में दोबारा प्रवेश किया। कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ‘‘राहुल गांधी जिस वाहन में यात्रा कर रहे थे, उसकी पिछली खिड़की का शीशा पथराव के बाद टूट गया… इस तरह के कृत्य अस्वीकार्य हैं।”
बता दें कि, राहुल गांधी की ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा” 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई। यात्रा के दौरान 67 दिनों में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी जो 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।
NEWS SOURCE : punjabkesari




