फरीदाबाद में तेज रफ्तार XUV का कहर: एनआईटी-2 में सड़क किनारे खड़ी 4 बाइकों को मारी टक्कर, एक युवक गंभीर घायल
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- 16-17 वर्षीय किशोर चला रहा था गाड़ी; ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद के एनआईटी-2 इलाके में शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार महिंद्रा XUV अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कई बाइकों से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि चार मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन को करीब 16 से 17 वर्ष का एक किशोर चला रहा था। लोगों का कहना है कि वाहन चालक से ब्रेक लगाने की बजाय गलती से एक्सीलेटर दब गया, जिसके चलते XUV अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी बाइकों को टक्कर मारती चली गई। हालांकि, इस दावे की अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और इसकी जांच की जा रही है।
हादसे में एक युवक के पैर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता के चलते अन्य लोग समय रहते सुरक्षित हट गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, XUV में एक-दो अन्य युवक भी सवार थे। हादसे में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने वाहन को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त XUV को अपने कब्जे में ले लिया है तथा वाहन चला रहे युवक को पूछताछ के लिए साथ ले गई है। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। वाहन कौन चला रहा था, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही किया जाएगा। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




