बल्लभगढ़ में सट्टा खाई करते आरोपी गिरफ्तार, ₹2950 नकद बरामद
क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की कार्रवाई, गुप्त सूचना पर सिही गेट तिगांव रोड पर की गई रेड
भावना कौशिश,फरीदाबाद। अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 टीम ने बल्लभगढ़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टेबाजी में इस्तेमाल की जा रही नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 29 मई को क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सिही गेट तिगांव रोड, बल्लभगढ़ के पास अवैध रूप से सट्टा खाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापेमारी की।
रेड के दौरान पुलिस ने तिरखा कॉलोनी निवासी नशीम को सट्टा खाई करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹2950 नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर बल्लभगढ़ में जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध सट्टेबाजी, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




