मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹5.80 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
परिचित युवक से नौकरी लगवाने के नाम पर ऐंठी लाखों की रकम, थाना छायंसा पुलिस ने भेजा जेल
भावना कौशिश,फरीदाबाद। मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹5.80 लाख की ठगी करने के मामले में थाना छायंसा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बंटी निवासी गांव शाहजहांपुर खादर के रूप में हुई है, जिसे 2 जून को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव अरूआ निवासी भारत ने थाना छायंसा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिचित बंटी ने उसे मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर ₹5 लाख 80 हजार रुपये ले लिए। काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो नौकरी दिलाई गई और न ही रकम वापस की गई।
शिकायत के आधार पर थाना छायंसा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी स्वयं मर्चेंट नेवी में कार्यरत है और शिकायतकर्ता का परिचित था। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर उसने नौकरी दिलाने का झूठा वादा किया और लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹1 लाख नकद और ₹4.80 लाख बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए थे। रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगवाने का झांसा देता रहा, लेकिन न तो कोई नियुक्ति हुई और न ही पैसे लौटाए गए।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




