टेलिग्राम टास्क के नाम पर ₹1.27 लाख की ठगी, खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

साइबर थाना सेंट्रल की कार्रवाई, बुलंदशहर से दबोचा गया आरोपी; दो दिन के पुलिस रिमांड पर

भावना कौशिश,फरीदाबाद, 10 जून। फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना सेंट्रल टीम ने टेलिग्राम टास्क के नाम पर 1 लाख 27 हजार 800 रुपये की ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव गर्ग निवासी यमुनापुरम, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को आगामी पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी गौरव गर्ग ने खाताधारक अर्जुन का बैंक खाता चंद्रशेखर के माध्यम से प्राप्त कर टेलिग्राम के जरिए साइबर ठगों तक पहुंचाया था। ठगी की रकम में से 18 हजार रुपये अर्जुन के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस के अनुसार गौरव और चंद्रशेखर एक ही क्षेत्र के रहने वाले हैं। मामले में अर्जुन और चंद्रशेखर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-85 निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे एक टेलिग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां ऑनलाइन टास्क पूरे करने के बदले मोटे मुनाफे का लालच दिया गया। 27 जुलाई से 30 जुलाई के बीच महिला से विभिन्न बैंक खातों में कुल 1 लाख 27 हजार 800 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।

टास्क पूरे करने के बावजूद महिला को कोई भुगतान नहीं किया गया। इसके विपरीत ठगों ने उससे और अधिक पैसे जमा कराने का दबाव बनाया। खुद को ठगा महसूस होने पर महिला ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि टेलिग्राम, व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले ऐसे टास्क और निवेश संबंधी ऑफर्स से सावधान रहें।

Related Articles

Back to top button