चाकू की नोक पर फोन और लैपटॉप लूटने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूटा गया लैपटॉप बरामद

भावना कौशिश,फरीदाबाद। बल्लभगढ़ की मुकेश कॉलोनी में चाकू की नोक पर युवक से फोन और लैपटॉप लूटने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तरुण उर्फ नवीन (21) निवासी अंबेडकर बस्ती, बल्लभगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 15/16 मई की रात को आरोपी तरुण अपने साथियों के साथ लूट की वारदात में शामिल था। आरोपियों ने मुकेश कॉलोनी मेन रोड पर चाकू दिखाकर एक व्यक्ति से फोन और लैपटॉप लूट लिया था और फिर मोटरसाइकिल पर फरार हो गए थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया लैपटॉप और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी जतिन को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जिसे 2 दिन के पुलिस रिमांड के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

गौरतलब है कि 15/16 मई की रात गर्ग कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी सरित पुंडिर से तीन बाइक सवार बदमाशों ने मुकेश कॉलोनी मेन रोड पर चाकू के बल पर उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप छीन लिया था। पीड़ित की शिकायत पर थाना आदर्श नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

Related Articles

Back to top button