AAP के स्थापना दिवस पर बोले अरविंद केजरीवाल, ‘संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई जारी रहेगी’

आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पार्टी के स्थापना दिवस पर कहा कि पार्टी अपनी ईमानदारी और लोगों के प्यार के कारण मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई जारी रहेगी। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस संविधान दिवस के साथ मेल खाता है।

केजरीवाल ने आप के शासन मॉडल की सराहना करते हुए कहा, “यह महज संयोग नहीं हो सकता कि हमारी पार्टी का जन्म संविधान दिवस पर हुआ। भगवान जानता था कि संविधान खतरे में पड़ने वाला है।” उन्होंने आप के शासन मॉडल के बारे में कहा कि यह ईमानदारी पर आधारित है और आम आदमी पर केंद्रित है।

हमने शासन का एक ईमानदार मॉडल दिया
उन्होंने कहा, “आप की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि हमने शासन का एक ईमानदार मॉडल दिया। हमने दिल्ली के बुनियादी ढांचे को बढ़ाते हुए लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान कीं।” विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए केजरीवाल ने उनके नेताओं द्वारा किए जा रहे “झुग्गी पर्यटन” के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “कुछ नेता झुग्गी-झोपड़ियों में दिखावे के लिए आते हैं, लेकिन बाद में वहां घरों को नष्ट करने के लिए बुलडोजर भेज देते हैं। लोगों को ऐसे पाखंड से सावधान रहना चाहिए।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी सभा को संबोधित किया और आप की “विकासोन्मुख” राजनीति पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी ने 2020 में दिखाया कि विकास कार्यों और ईमानदार शासन के आधार पर चुनाव जीते जा सकते हैं।” उन्होंने दिल्ली के सरकारी स्कूलों में हो रहे बदलाव को प्रगति का मानक बताया। उन्होंने कहा, ​”2015 से पहले सरकारी स्कूलों को बंद करने की बात हो रही थी। आज हमारे काम ने पूरे भारत के राज्यों को अपनी शिक्षा प्रणाली में सुधार करने के लिए प्रेरित किया है। यह दिल्ली मॉडल है।”

AAP की स्थापना के साथ आम आदमी को ताकत मिली 
इससे पहले दिन में केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 12 साल पहले आम आदमी पार्टी (आप) की स्थापना के साथ ही आम आदमी को ताकत मिली थी। उन्होंने कहा कि अब तक की यात्रा संघर्ष, बलिदान और विजय की कहानियों से भरी हुई है। केजरीवाल ने हिंदी में लिखे एक पोस्ट में कहा, “पिछले साल हमें खत्म करने की लाखों कोशिशें की गईं लेकिन हमारी ईमानदारी, जनता के प्यार और कार्यकर्ताओं के मनोबल ने हमें और मजबूत बनाया। अन्याय और तानाशाही के खिलाफ हम पहले से ज्यादा मजबूती से खड़े हैं।”

उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए आप की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से देश की बेहतरी के लिए काम करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। आप नेताओं ने 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के इरादे से जमीनी स्तर पर विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया है। पार्टी ने 2020 के चुनावों में 70 विधानसभा सीटों में से 62 सीटें हासिल करते हुए शानदार जीत दर्ज की थी।

NEWS SOURCE Credit : punjabkesari

Related Articles

Back to top button