फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक सप्ताह में 17 साइबर ठग गिरफ्तार, 32 लाख रुपये बरामद
314 शिकायतों का निस्तारण, 24 लाख रुपये से अधिक की राशि खातों में फ्रीज; साइबर ठगी पर तुरंत 1930 पर शिकायत करने की अपील
भावना कौशिश,फरीदाबाद, 31 मई। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थानों की टीम द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 23 मई से 29 मई के बीच चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 17 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर ₹32,16,583 की राशि बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार फरीदाबाद के तीनों साइबर थानों ने सात अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें साइबर थाना एनआईटी के दो, साइबर थाना सेंट्रल के चार तथा साइबर थाना बल्लभगढ़ का एक मामला शामिल है।
पुलिस ने बताया कि एक सप्ताह के दौरान कुल 314 साइबर शिकायतों का निस्तारण किया गया और ₹24,04,029 की राशि विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई, जिससे साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत मिली है।
गिरफ्तार आरोपियों में राघव गांधी, आबिद, मोहम्मद नईम, सचिन कुमार, सूरज गुप्ता, मोहम्मद शाद जफर अली, अंशुमान सिंह, मोहम्मद नोमान, अमर सिंह, उमेद सिंह, रणजीत सिंह, प्रभात कुमार, अभिषेक राणा, प्रशांत, सरबजीत सिंह, तरुणधीर तथा एक महिला आरोपी शामिल हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच में न आएं और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा शिकायतें cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी दर्ज कराई जा सकती हैं।
पुलिस का कहना है कि जागरूकता ही साइबर ठगी के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है। इसलिए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत सूचना दें।




