बल्लभगढ़ में फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई, रेस्टोरेंट से मिठाई और खाद्य सामग्री के सैंपल लिए
बरसात के मौसम में मिलावट पर सख्ती, जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर होगी कानूनी कार्रवाई
भावना कौशिश,फरीदाबाद। बरसात के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फूड सेफ्टी विभाग ने बल्लभगढ़ में एक प्रमुख रेस्टोरेंट पर छापेमारी कर मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य सामग्री के सैंपल एकत्र किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग का कहना है कि रिपोर्ट लगभग 14 दिनों में प्राप्त होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फूड सेफ्टी अधिकारी पुनीत शर्मा ने बताया कि मानसून के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और खराब गुणवत्ता की शिकायतों की संभावना बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बल्लभगढ़ स्थित एक प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट से मिठाइयों और अन्य खाद्य उत्पादों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। यदि लैब रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फूड सेफ्टी विभाग ने स्पष्ट किया कि यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से साफ-सफाई के मानकों का पालन करने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।




