डबुआ ठेकेदार हत्याकांड में बड़ा खुलासा, मुख्य शूटर समेत 3 और आरोपी गिरफ्तार
ठेकेदारी के वर्चस्व की रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश, बिहार से पीछा कर फरीदाबाद आकर दिया वारदात को अंजाम
भावना कौशिश,फरीदाबाद। डबुआ क्षेत्र में लेबर ठेकेदार योगेश कुमार की हत्या के मामले में फरीदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मुख्य शूटर समेत तीन और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक कुल सात आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मौसम, विकास कुमार निवासी जिला पूर्णिया, बिहार तथा नीरज कुमार निवासी जिला मधेपुरा, बिहार के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे लेबर ठेकेदारी को लेकर चल रहा आपसी विवाद और वर्चस्व की लड़ाई मुख्य कारण थी। आरोपित मौसम पहले मृतक योगेश कुमार के साथ काम करता था, लेकिन बाद में वह खुद ठेकेदारी का काम शुरू करना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस जांच के मुताबिक मौसम ने अपने साथियों के साथ मिलकर योगेश कुमार को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके बाद सभी आरोपी बिहार से योगेश कुमार का पीछा करते हुए फरीदाबाद पहुंचे और 22 मई की अल सुबह गाजीपुर स्थित वर्कशॉप में सो रहे योगेश कुमार पर गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार मुख्य शूटर मौसम ने ही योगेश कुमार को गोली मारी थी, जबकि विकास और नीरज घटनास्थल के आसपास रेकी और निगरानी कर रहे थे। हत्या की साजिश में शामिल दो आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं वारदात में इस्तेमाल हथियार उपलब्ध कराने वाले दो अन्य आरोपितों को भी बिहार से पकड़ा जा चुका है।
फरीदाबाद पुलिस ने इस हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी मौसम को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि विकास और नीरज को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।




