तिगांव हत्याकांड में बड़ा खुलासा, एक किशोर समेत दो और आरोपी गिरफ्तार
मोनू हत्याकांड में अपराध शाखा सेक्टर-65 की कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद
भावना कौशिश,फरीदाबाद, 10 जून। तिगांव थाना क्षेत्र में भिवाड़ी निवासी युवक मोनू की हत्या के मामले में फरीदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने मामले में एक किशोर सहित दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 20 मई को जब कुलभूषण ने मोनू को खेतों के पास देखा तो उसने अपने बेटे को फोन कर मौके पर बुलाया। इसके बाद कुलभूषण का बेटा अपने ताऊ के बेटे रोनक के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा और मोनू को अपने साथ खेतों में स्थित घर ले गया।
आरोप है कि घर पर ले जाकर मोनू के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल मोनू को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रोनक को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि किशोर आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
गौरतलब है कि मृतक मोनू राजस्थान के भिवाड़ी स्थित सैदपुर का रहने वाला था। घटना के बाद उसके पिता भीम सिंह की शिकायत पर थाना तिगांव में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा सेक्टर-65 को सौंपी गई थी, जिसने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।




