फरीदाबाद में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में बड़ा कदम, 45 नए ईको वन होंगे विकसित : विपुल गोयल
विश्व पर्यावरण दिवस पर बड़ी घोषणा, ग्रीन बेल्ट बनेगी ऑक्सीजन कॉरिडोर; वेस्ट मैनेजमेंट और विकास परियोजनाओं को भी मिलेगी रफ्तार
भावना कौशिश,फरीदाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में हरियाणा के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद को हरित और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और इसे जनभागीदारी से जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।
सेक्टर-7 और सेक्टर-14 में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मंत्री विपुल गोयल ने घोषणा की कि फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में आगामी 15 दिनों के भीतर 45 नए ईको वन विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही सेक्टर-7, 8, 9, 10, 11 और 14 सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए ईको वनों की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 15 ईको वन सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं और भविष्य में इनकी संख्या 100 से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि ईको वन प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण, तापमान संतुलन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। फरीदाबाद औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन का मॉडल शहर बनकर उभर रहा है।
मंत्री ने यह भी घोषणा की कि सेक्टर-4 से सेक्टर-7 तक फैली ग्रीन बेल्ट को विकसित कर ऑक्सीजन कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे वायु प्रदूषण कम करने और शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान वेस्ट मैनेजमेंट पार्क का उद्घाटन भी किया गया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण के महत्वपूर्ण आधार हैं और ऐसी परियोजनाएं “स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत” अभियान को मजबूती देंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने नागरिकों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी भी समाज को निभानी होगी।
विकास कार्यों की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि सेक्टर-14 सामुदायिक केंद्र के पुनर्निर्माण के लिए लगभग 9 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है, जबकि सेक्टर-14 मार्केट के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सेंट्रल पार्क में एस्ट्रोटर्फ, ओपन जिम और अन्य आधुनिक सुविधाओं को भी मंजूरी मिल चुकी है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार शहर में जलभराव की समस्या में लगभग 90 प्रतिशत तक सुधार देखने को मिलेगा। साथ ही उन्होंने समाजसेवियों, उद्योगपतियों, आरडब्ल्यूए, युवाओं और आम नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, पत्रकार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




