दुल्हा-दुल्हन कमरे में हुए कैद, रेवाड़ी में पटाखों को लेकर शादी समारोह में हुआ बवाल

रेवाड़ी : रेवाड़ी शहर में बीते दिन शुक्रवार को देर रात शादी समारोह स्थल के बाहर पटाखे चलाने को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद खूब हंगामा हुआ। एक तरफ से लाठी-डंडे तो दूसरे पक्ष की तरफ से पत्थर बरसाए गए। जिसमें कई लोग घायल हुए है। इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो भी सामने आई है। वीडियो में डर से दूल्हा-दुल्हन भी एक कमरे में कैद नजर आए। तनाव के बाद समारोह स्थल के बाहर पुलिसबल तैनात किया गया। घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मॉडल टाउन थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के अनुसार शहर के कोनसीवास रोड पर किसान वाटिका में बीती रात शादी समारोह चल रहा था। शादी समारोह में शामिल होने आए कुछ लोग समारोह स्थल के बाहर पटाखे चला रहे थे। ठीक सामने सैनी जूस कार्नर एंड कन्फेक्शनरी खुली हुई है। इसके मालिक के साथ पटाखे चलाने वाले युवकों का विवाद हुआ। एक पक्ष ने दुकानदार मुन्नीलाल और उसके चाचा हुकम पर पत्थर बरसा दिए। जिसमें दोनों को काफी चोटें आई। दोनों समारोह स्थल के पास ही सरस्वती विहार के रहने वाले हैं। जैसे ही इसकी सूचना उनके परिवार व अन्य लोगों को पता चला तो काफी लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने समारोह स्थल के भीतर घुसकर शादी में शामिल कुछ लोगों पर लाठी-डंडों से हमला किया। लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे युवकों के समारोह स्थल के भीतर घुसने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।

घायल दुकान मालिक मुन्नीलाल ने बताया कि रात को समारोह स्थल में बारात आई थी। बारात में शामिल कुछ लोग उनकी दुकान के सामने पटाखे चला रहे थे। उन्होंने मना किया, लेकिन वो नहीं माने। उसने कहा कि मैं डायल-122 बुला रहा हूं। पटाखे चलाने वाले बोले कि हम खुद पुलिस वाले हैं। जिसको चाहे बुला ले। इसके बाद उन्होंने पटाखों चलाने शुरू कर दिए। कुछ पटाखें उसकी दुकान में घुस गए। उसने बाहर पानी फेंक दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। हमले में उसे और उसके चाचा हुकम को काफी चोटें आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button