अपराध शाखा ऊंचागांव ने देसी कट्टा रखने और सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, अवैध हथियार सहित चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद

फरीदाबाद: पुलिस उपायुक्त अपराध हेमेन्द्र कुमार मीणा के द्वारा आरोपियो की धर-पकड़ के दिए गए दिशा निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा ऊंचागांव की टीम ने अवैध हथियार के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सागर तथा पंकज का नाम शामिल है। आरोपी सागर पलवल के असावटी गांव का रहने वाला है और पंकज चावला कॉलोनी का निवासी है। आरोपी सागर को अपराध शाखा टीम ने अपने गुप्त सूत्रों से प्राप्त सूचना से गस्त के दौरान सेक्टर 2 एरिया बल्लबगढ़ से काबू किया था।

आरोपी की तलाशी लेने पर आरोपी से देसी कट्टा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी बल्लभगढ़ में शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी देसी कट्टे को अपने साथी पंकज से हवाबाजी के लिए 3500 रुपए में खरीदकर लाया था। आरोपी सागर की सूचना पर आरोपी पंकज को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक महीने पहले आदर्श नगर एरिया से एक मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी पंकज के घर से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। आरोपी को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

Related Articles

Back to top button