टेलीग्राम टास्क के नाम पर 3.22 लाख की साइबर ठगी

व्हाट्सएप लिंक से टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर दिया गया था मोटा मुनाफा कमाने का लालच, ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी राजस्थान का निवासी

भावना कौशिश, फरीदाबाद ।  साइबर थाना NIT की टीम ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र (28) निवासी जिला फलोदी, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, NIT-5 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 15 नवंबर 2025 को उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया, जहां उसे ऑनलाइन टास्क पूरा कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।

ठगों ने अलग-अलग टास्क के नाम पर शिकायतकर्ता से कुल 3 लाख 22 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महेंद्र को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि महेंद्र ने देवेंद्र नामक व्यक्ति से एक महिला का बैंक खाता लेकर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। आरोपी आठवीं पास है और पेशे से टेलर का काम करता है।

पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और साइबर गिरोह से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button