ट्रेडिंग के नाम पर ₹54.85 लाख की साइबर ठगी, साइबर थाना NIT ने एक और आरोपी को दबोचा
विदेश में बैठे ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने का आरोप, रैपिडो चालक गिरफ्तार
भावना कौशिश,फरीदाबाद। शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर ₹54,85,000 की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 17 मई को आरोपी अमन बत्रा को गिरफ्तार किया, जो मूल रूप से शाहबाद मारकंडा, कुरुक्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में बादली, दिल्ली में रह रहा था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपी अमन बत्रा ने खाताधारक नवीन का बैंक खाता खुलवाया था और उस खाते को दिल्ली में सुमित और मनविंद्र के माध्यम से विदेश में बैठे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। जांच में सामने आया कि उक्त खाते में ठगी से जुड़े ₹75,000 ट्रांसफर हुए थे। आरोपी दिल्ली में रैपिडो चालक का कार्य करता है।
पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार एसजीएम नगर निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज करवाई थी कि जनवरी 2026 में उसकी फेसबुक आईडी पर एक मैसेज आया, जिसमें “Global Trade” में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद ठगों ने शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजकर M.GLOBALPRIMEJP.CC पर अकाउंट खुलवाया और उसे टेलीग्राम ग्रुप “@G_Global_Prime_CS” में जोड़ लिया।
ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल ₹54,85,000 ट्रांसफर कर दिए। रकम जमा होने के बाद न तो कोई मुनाफा मिला और न ही पैसे वापस लौटाए गए।
मामले में साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इस मामले में खाताधारक नवीन, सुमित और मनविंद्र को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान ट्रेडिंग या इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।




