फरीदाबाद में हाईवे पर ऑटो से खतरनाक स्टंट, VIDEO वायरल; पुलिस ने ₹15,500 का चालान काटा

सोशल मीडिया पर व्यूज़ के लिए कर रहा था स्टंट, बिना लाइसेंस चलाता था ऑटो; पुलिस ने सार्वजनिक माफी भी मंगवाई

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद के नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर ऑटो से खतरनाक स्टंट करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो का 15,500 रुपये का चालान काट दिया। इसके साथ ही स्टंट करने वाले युवक से सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई गई।

वायरल वीडियो में एक युवक नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर ऑटो को तेज रफ्तार में बार-बार घुमाते हुए खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा है। स्टंट के दौरान सड़क से गुजर रहा एक साइकिल सवार ऑटो की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। घटना रात के समय की बताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो स्वयं युवक ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज़ बढ़ाने के उद्देश्य से अपलोड किया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

ऑटो की नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। जांच में पता चला कि ऑटो बड़खल स्थित बुद्ध कॉलोनी निवासी मधु के नाम पर पंजीकृत है, जबकि उसका बेटा विकास ऑटो चलाकर स्टंट करता था।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ऑटो का 15,500 रुपये का चालान किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि विकास के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस का यह भी कहना है कि घटना के समय उसने शराब का सेवन किया हुआ था।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें। ऐसी लापरवाही न केवल स्वयं की बल्कि अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाल सकती है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button