दोनों डिप्टी CM की उपस्थिति में लिया प्रमाणपत्र, MLC के लिए निर्विरोध चुने गए दारा सिंह चौहान

उत्तर प्रदेश विधान परिषद उप चुनाव मे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी दारा सिंह चौहान निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन अधिकारी ब्रजभूषण दुबे ने बताया कि विधान परिषद उपचुनाव में चौहान को निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। विधान भवन में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में चौहान को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी भी मौजूद थे।
योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री थे दारा सिंह चौहान
गौरतलब है कि विधान परिषद उप चुनाव मे समाजवादी पार्टी (सपा),बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था जिसके बाद से चौहान का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो चुका था। पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे से खाली हुई सीट पर यह उपचुनाव हुआ है। दारा सिंह चौहान योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री थे। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने मंत्रिपरिषद और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए थे।
2022 के विधानसभा चुनाव में दारा सिंह ने सपा उम्मीदवार के रूप में घोसी सीट से चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए
बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सपा उम्मीदवार के रूप में घोसी सीट से चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए। पिछले साल जुलाई में उन्होंने विधानसभा और सपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और एक बार फिर से भाजपा का दामन थाम लिया। पिछले साल सितंबर में चौहान ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में घोसी सीट के लिए उपचुनाव लड़ा मगर उन्हें सपा के सुधाकर सिंह से 40 हजार से अधिक मतों से शिकस्त का सामना करना पड़ा। भाजपा में शामिल होने के बाद से उनके योगी मंत्रिमंडल में फिर से मंत्री बनाये जाने को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
NEWS SOURCE : punjabkesari




