दर्शन करने आए 2 भक्तों की मौत, राम मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ रहा है। रामलला के दर्शन करने के लिए देश और दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सभी श्रद्धालुओं को उचित सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रसाशन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। जिसके चलते सोमवार को दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया जा रहा है। राम मंदिर में दर्शन करने के दौरान दोनों भक्तों की तबियत बिगड़ी और वे बेहोश होकर नीचे गिर गए। आनन-फानन में दोनों को श्रीराम अस्पताल में एडमिट किया गया। जहां, प्राथमिक इलाज के बाद श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया गया। एक महिला श्रद्धालु हरियाणा के सोनीपत की निवासी थी। वहीं दूसरे श्रद्धालु के बारे में ज्यादा जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।

राम मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

महाकुंभ के चलते राम नगरी आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। देश और दुनिया के श्रद्धालु गंगा में स्नान करने के बाद राम लला के दर्शन करने अयोध्या पहुंच रहे है। भक्तों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जिसके चलते अयोध्या की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है। प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्था की है। भीड़ का अत्यधिक दबाव मंदिर परिसर के आसपास देखने को मिल रहा है। महाकुंभ में स्नान के बाद श्रद्धालु सीधे अयोध्या पहुंच रहे हैं। पुलिस, प्रशासन और ट्रस्ट प्रबंध में लगा हुआ है लेकिन भीड़ बेकाबू होती जा रही है।

बता दें कि शुक्रवार को भीड़ के कारण 20 मिनट के लिए मंदिर के पट बंद करने पड़े। सुबह 9 बजे ही मंदिर के सभी वीआईपी स्लॉट फुल हो गए थे। रामनगरी की गलियों में जगह-जगह जाम की स्थित निर्मित हो गई थी। जिसके चलते बाइक और बड़े वाहनों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। मजबूरन प्रशासन ने कई रास्तों को बंद कर दिया था।

NEWS SOURCE Credit : lalluram

Related Articles

Back to top button