रक्षा मंत्रालय ने किया बड़ा ऐलान जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए

श्रीनगर: रक्षा मंत्रालय ने पर्यटन और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए टैटू मैदान में स्थित 139.04 एकड़ रक्षा भूमि गृह मंत्रालय को हस्तांतरित करने के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर सरकार के माध्यम से गृह मंत्रालय के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजभवन में एमओयू हस्ताक्षर समारोह की अध्यक्षता की। रक्षा मंत्रालय का प्रतिनिधित्व टैटू ग्राउंड गैरीसन के स्थानीय सैन्य प्राधिकरण और रक्षा संपदा अधिकारी कश्मीर क्षेत्र श्रीनगर के माध्यम से किया गया था। रक्षा मंत्रालय द्वारा 120 दिनों की अवधि के भीतर जमीन सौंप दी जाएगी।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने MoU को जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में प्रमुख पर्यटन स्थल विकसित करने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। सहयोग के लिए सेना की सराहना करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि प्रशासन और सुरक्षा बल लोगों के कल्याण के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि हम एमओयू की सभी शर्तों को पूरा करने के लिए ईमानदार और समर्पित प्रयास करेंगे और पर्यटन और अन्य संबंधित गतिविधियों को इस तरह विकसित करेंगे कि कश्मीर घाटी में आने वाले पर्यटकों को टैटू ग्राउंड सबसे आकर्षक स्थलों में से एक लगे।

उपराज्यपाल ने वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ शहीदों के सम्मान में ‘मेरी माटी मेरा देश‘ अभियान और स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल जीओसी 15 कोर राजीव घई, उपराज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. मनदीप कुमार भंडारी, एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार, संभागीय आयुक्त कश्मीर विजय बिधूड़ी, सेना और यूटी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button