कहा- ‘राम राज्य वाली सरकार बुलावे में भी करती है भेदभाव’, प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता न मिलने पर बोलीं डिंपल यादव

समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में पहुंची। जहां पर उन्होंने बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक द्वारा प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सपा नेताओं को न बुलाने वाली मांग पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। डिंपल यादव ने कहा कि अगर राम मंदिर उद्घाटन समारोह में जाने के लिए हमें न्योता नहीं भी मिलेगा तो भी हम वहां जरुर जाएंगे। भले ही निर्धारित तिथि के बाद जाएं। वहीं, उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि यह बीजेपी की ओछी मानसिकता है कि वो कह रहे है कि सपा नेताओं को इस कार्यक्रम में न बुलाए।
आराध्य को राजनीति में नहीं बांधना चाहिएः डिंपल यादव
डिंपल यादव ने कहा कि आराध्य को राजनीति में नहीं बांधना चाहिए। ये सरकार राम राज्य की बात करती है, लेकिन वो भेदभाव भी करती है। भगवान राम की बात करना ही पर्याप्त नहीं है उनके आदर्श को भी अपने जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अगर राम मंदिर से न्योता मिलता है तो हम जरूर जाएंगे, लेकिन अगर नहीं मिलेगा तो बाद में जाएंगे।

सरकार सदन में चर्चा से डरती हैः डिंपल यादव
इस दौरान सांसद डिंपल ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश की संसद से 142 सांसदों का एक साथ निलंबन दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। दुनिया में ऐसा किसी भी देश में नहीं हुआ है। भाजपा सरकार पूरी तरह डरी हुई है। केंद्र की सरकार ने पांच साल के कार्यकाल में ईडी, सीबीआई, आयकर टीम का जमकर दुरुपयोग किया है। सरकार सच बात सुनना नहीं चाहती है। सदन में चर्चा कराने से डरती है। तमाम तरह की बातों को उछालकर जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है। सरकार पांच किलो आटा देने का दावा तो करती है लेकिन बेरोजगारों को नौकरी देने की दिशा में कदम नहीं बढ़ाना चाहती है।
NEWS SOURCE : punjabkesari




