दिल्‍ली स्थित आवास पर पहुंची ईडी की टीम सीएम हेमंत सोरेन के

कथित जमीन घोटाले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम सोमवार को दिल्ली में सोरेन के आवास पर पहुंची. दक्षिणी दिल्ली के शांति निकेतन स्थित उनके आवास पर ईडी की टीम पहुंचने के बाद हलचल तेज हो गई है. दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती को देखते हुए सोरेन की गिरफ्तारी की आशंका भी जाहिर की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, सोरेन आवास में ही मौजूद हैं.

इससे पहले केंद्रीय एजेंसी ईडी ने 20 जनवरी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान उनके आवास पर दर्ज किया था. इसके बाद ताजा समन इसलिए जारी किया गया क्योंकि उस दिन पूछताछ पूरी नहीं हुई थी. एजेंसी के अनुसार, जांच झारखंड में माफिया द्वारा भूमि के स्वामित्व में अवैध परिवर्तन के एक बड़े गिरोह से संबंधित है. इससे पहले ईडी ने लैंड डील स्कैम में 29 से 31 जनवरी के बीच हेमंत सोरेन से पूछताछ के लिए समय मांगा था.

ईडी ने 22 जनवरी को समन भेजकर 27 से 31 जनवरी के बीच पूछताछ का वक्त हेमंत सोरेन से मांगा था. झारखंड के सीएम ने एक पत्र ईडी को भेजा था और बाद में पूछताछ का वक्त बताने की बात कही थी. इसके बाद ईडी ने फिर 25 जनवरी को मेल के जरिए सीएम को 29 या 31 जनवरी को पूछताछ करने के लिए वक्त देने की बात कही. साथ ही एजेंसी ने कहा है कि अगर सीएम वक्त नहीं देते हैं, तो जांच पदाधिकारी उनके पास आकर पूछताछ करेंगे. ईडी ने इस मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2011 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा ( आईएएस) की अधिकारी छवि रंजन भी शामिल हैं. वह राज्य के समाज कल्याण विभाग के निदेशक और रांची के उपायुक्त के रूप में कार्यरत थीं. इस बीच, सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं ने ईडी द्वारा सोरेन को नया समन जारी करने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

इस बीच मुख्यमंत्री शनिवार की रात 9 बजे दिल्ली रवाना हो गए थे. दिल्ली में उन्होंने कानूनी पहलुओं पर रायशुमारी की. अटकलें थीं कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 जनवरी की बजाय 31 जनवरी का वक्त दे सकते हैं. झामुमो सूत्रों के मुताबिक, ईडी को पूछताछ के लिए सीएम हाउस या एजेंसी के कार्यालय में से किसी एक जगह पूछताछ करने की सूचना भेजी जाएगी.

NEWS SOURCE : lalluram

Related Articles

Back to top button