Faridabad: नकदी और सोने पर किया हाथ साफ, बुजुर्ग महिला के घर घुसे हथियारबंद चोर

फरीदाबाद : फरीदाबाद की आईपी कॉलोनी में रहने वाली बुजुर्ग महिला के घर बीती रात हथियारबंद चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सोने और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। जब यह घटना हुई तब महिला लोहड़ी के कार्यक्रम को लेकर अपनी बेटी के घर गई हुई थी। चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई जिसमें तीन चोर घर में घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं और उनमें से एक चोर के हाथ में तमंचा भी था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि पड़ोसियों ने जब घर का ताला टूटा देखा तो उन्होंने बुजुर्ग महिला को फोन किया और उन्हें बुलाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित महिला ने बताया की लोहड़ी के त्यौहार को लेकर वह अपनी बेटी के यहां गई थी और उसे फोन द्वारा सूचना मिली।
वहीं पीड़ित महिला के पड़ोसी का कहना था कि इस घटना के बाद वह सब लोग डरे हुए हैं क्योंकि चोरों के पास हथियार भी था और यदि महिला घर में होती तो उसकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने पुलिस द्वारा किए जा रहे सुरक्षा के दावों पर भी सवालिया निशान लगाया।
NEWS SOURCE : punjabkesari




