फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई, दो वाहन चोर गिरफ्तार; चोरी की 2 मोटरसाइकिल बरामद
अपराध शाखा बॉर्डर और AVTS टीम ने अलग-अलग मामलों में आरोपियों को दबोचा, अदालत में पेश कर भेजा जेल
भावना कौशिश,फरीदाबाद। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस की अलग-अलग अपराध शाखाओं ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 15 मई को थाना सराय ख्वाजा में मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने कार्रवाई करते हुए साहिल निवासी गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई।
एक अन्य मामले में अपराध शाखा AVTS की टीम ने थाना मुजेसर में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में आरोपित अरसद निवासी गांव मुढीबास लुहिंगा, जिला नूंह को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान आरोपित की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपितों को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।




