साली से शादी की चाह में पत्नी की हत्या! फरीदाबाद पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार
धौज थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में 23/24 जून की रात हुई थी वारदात; चुन्नी से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप, पति 3 दिन के पुलिस रिमांड पर
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-56 ने धौज थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में एक महिला की हत्या के मामले में उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी ताहिर हुसैन निवासी आलमपुर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 23 और 24 जून की दरमियानी रात की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ताहिर हुसैन अपनी साली के संपर्क में था और उससे शादी करना चाहता था। इस बात की जानकारी उसकी पत्नी जोया को हो गई थी, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद रहने लगा।
पुलिस जांच के मुताबिक, घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और बाद में चुन्नी से उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
गौरतलब है कि 23/24 जून की रात आलमपुर गांव में जोया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 24 जून को मृतका के पिता समशु, निवासी चिल्ली, जिला पलवल की शिकायत पर थाना धौज में संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब रिमांड के दौरान हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और सबूतों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




