फरीदाबाद पुलिस का अवैध हथियारों पर शिकंजा, दो देसी कट्टों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की कार्रवाई; एक आरोपी ने चोरी की वारदात का भी किया खुलासा, दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पहली कार्रवाई में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने सोनू, निवासी गांव रामगढ़, जिला जोधपुर (राजस्थान), हाल निवासी बीपीटीपी झुग्गी, गांव प्रह्लादपुर, फरीदाबाद को सेक्टर-64/65 बाईपास रोड के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह देसी कट्टा दिल्ली से 7 हजार रुपये में खरीदा था। इसके अलावा आरोपी ने आदर्श नगर क्षेत्र में हुई एक चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में उसे पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी कार्रवाई में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने पर्वतीय कॉलोनी निवासी विपिन को उसके क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हाल ही में अपने गांव अमरोहा (उत्तर प्रदेश) गया था, जहां से उसने 3 हजार रुपये में यह देसी कट्टा खरीदा था। आरोपी वर्तमान में टैटू बनाने का काम करता है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




