फरीदाबाद पुलिस का साइबर अपराधियों पर बड़ा एक्शन, एक सप्ताह में 29 आरोपी गिरफ्तार

11.40 लाख रुपये बरामद, 14.15 लाख रुपये खातों में फ्रीज; पुलिस ने लोगों से 1930 पर तुरंत शिकायत करने की अपील की

भावना कौशिश फरीदाबाद। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में फरीदाबाद के तीनों साइबर थानों की टीम ने 9 मई से 15 मई के बीच एक सप्ताह के अंदर बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, साइबर थाना NIT और साइबर थाना सेंट्रल समेत कुल 8 मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने साइबर ठगी से जुड़े मामलों में 11 लाख 40 हजार रुपये की रकम बरामद की है। वहीं 182 शिकायतों का निस्तारण करते हुए 14 लाख 15 हजार 426 रुपये विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं।

फरीदाबाद पुलिस की साइबर टीम द्वारा की गई यह कार्रवाई साइबर अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस लगातार तकनीकी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए साइबर ठगों तक पहुंच रही है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रमन, मनीष, सचिन, रोहित, बलराम, राहुल वालिया, कुलवंत सिंह, विशाल कुमार, बिमलेश, धीरेन्द्र, तुषार कठोत्र, यश, दीपक, वैभव कुमावत, ऋषि जायसवाल, सैम खान, मोहम्मद आदिल, रॉबिन खान, मनजिंदर सिंह, सुखजिंदर, जतिंद्र सिंह, प्रशांत कुमार, रोहित गर्ग, जावेद, इंद्रप्रकाश, द्वारिका प्रसाद, मोहम्मद फैजी, अकील शेख और सोनू कुमार के नाम शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी लोगों को ऑनलाइन निवेश, पार्ट टाइम जॉब, फर्जी लिंक, बैंक KYC अपडेट, सोशल मीडिया और डिजिटल भुगतान के जरिए निशाना बना रहे हैं। ऐसे में आमजन को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है।

फरीदाबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा न करें। अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा ऑनलाइन पोर्टल
Cyber Crime Portal
पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।

पुलिस का कहना है कि जागरूकता ही साइबर ठगी के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।

Related Articles

Back to top button