फरीदाबाद: सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन युवक गंभीर घायल

शादी समारोह से लौटते समय हार्डवेयर चौक पर हुआ हादसा, अंधेरा और सड़क किनारे खड़े ट्रालों पर फिर उठे सवाल

भावना कौशिश,फरीदाबाद। शहर के हार्डवेयर चौक पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे पांच दोस्तों की कार सड़क किनारे खड़े ट्राले से जा टकराई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सभी घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-56 निवासी रोहित अपने चार दोस्तों के साथ दौलतराम धर्मशाला में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात करीब 12 बजे कार से अपने घर लौट रहा था। रोहित स्वयं कार चला रहा था। जब उनकी कार हार्डवेयर चौक के पास पहुंची तो सड़क किनारे अंधेरे में खड़ा एक ट्राला दिखाई नहीं दिया और तेज रफ्तार कार सीधे ट्राले के पीछे जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में लगे एयरबैग तुरंत खुल गए, जिससे सवार युवकों की जान बच गई। हालांकि रोहित सहित तीन युवकों को गंभीर चोटें आईं, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हार्डवेयर चौक के आसपास स्थित औद्योगिक इकाइयों में माल ढुलाई के लिए आने वाले भारी वाहन और ट्राले अक्सर सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। इसके अलावा इलाके में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय दृश्यता बेहद कम रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े होने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और हार्डवेयर चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सड़क किनारे खड़े ट्रालों की वजह से कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button