अरावली में अवैध निर्माण रोकने गई वन विभाग की टीम पर हमला: अधिकारियों से मारपीट, वर्दी फाड़ी
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत कार्रवाई करने पहुंची टीम पर पिता-पुत्र का हमला; सरकारी कार्य में बाधा और धमकी देने का केस दर्ज
भावना कौशिश,फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित अरावली के संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध निर्माण रुकवाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग के अधिकारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, उनकी सरकारी वर्दी फाड़ दी गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद सूरजकुंड थाना पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गश्त के दौरान मिला अवैध निर्माण
पुलिस के अनुसार, बुधवार को वन दरोगा राजेश और सुरेंद्रपाल नियमित गश्त के दौरान अनंगपुर गांव के डोमका मोहल्ला पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिसूचित वन क्षेत्र में टिन शेड का निर्माण होते देखा।
वन अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार संरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार का गैर-वानिकी निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बाद उन्होंने निर्माण कार्य तत्काल बंद करा दिया।
फोटो-वीडियो बनाने पर बढ़ा विवाद
वन विभाग के अनुसार, निर्माण रुकवाने के दौरान वहां मौजूद युवक का पिता गजराज भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने अधिकारियों से बहस शुरू कर दी और अपने प्रभाव का हवाला देते हुए निर्माण कार्य जारी रखने की बात कही।
जब वन विभाग की टीम सरकारी कार्रवाई के तहत मौके की फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करने लगी तो विवाद और बढ़ गया।
धक्का-मुक्की, मारपीट और वर्दी फाड़ने का आरोप
वन विभाग की शिकायत के अनुसार, पिता-पुत्र ने सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए दोनों अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान वन दरोगा राजेश की सरकारी वर्दी भी फाड़ दी गई। आरोप है कि दोनों ने अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले दोनों आरोपी फरार हो गए। घायल वन दरोगा को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सूरजकुंड थाना पुलिस ने वन विभाग की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




