कई फीट उछलकर नीचे गिरा मासूम… मौत, मुरथल खाना खाने आ रहे परिवार के बच्चे को कार ने मारी टक्कर

नेशनल हाईवे-44 पर कुंडली के पास कार की टक्कर से कई फीट उछलकर नीचे गिरे 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित परिवार दिल्ली से मुरथल के ढाबे पर खाना खाने आ रहा था।

दिल्ली के मुख्य बाजार घंटाघर निवासी अजय वशिष्ठ ने कुंडली थाना पुलिस को बताया बताया कि उनके पास दो बच्चे थे। वह देर रात पत्नी ध्रीती वशिष्ठ, बेटी सुकृति व बेटे यश (11) के साथ कार में सवार होकर मुरथल ढाबे पर खाना खाने आ रहे थे। जब वह देर रात कुंडली के पास पहुंचे तो बेटे यश वशिष्ठ ने लघुशंका करने के लिए कार को रुकवा लिया। उसका बेटा लघुशंका के बाद वापस कार में बैठ रहा था। इस बीच एक तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने पहले बुलेट बाइक को टक्कर मारी और उसके बाद उसके बेटे को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से उसका बेटा कई फीट तक उछला और सडक़ पर गिर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गया।

वह उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां से उसे दिल्ली के लिए भेज दिया। अजय वशिष्ठ का कहना है कि वह बेटे को दिल्ली के निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर चिकित्सक ने उनके बेटे को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने घटना की सूचना कुंडली थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button