जानें क्या बोले, छह विधायकों के निलंबन पर सामने आई विक्रमादित्य सिंह की पहली प्रतिक्रिया: Himachal Political Crisis

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बृहस्पतिवार को छह कांग्रेस विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया।अयोग्य घोषित किए गए विधायकों में राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, इंद्रदत्त लखनपाल, देवेंद्र कुमार भुट्‌टो, रवि ठाकुर और चैतन्य शर्मा शामिल हैं। कांग्रेस के छह बागी विधायकों की सदस्यता रद्द किए जाने पर कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उनका कहना है कि अभी मेरा इस पर कुछ भी कहना उचित नहीं है।

कुछ भी कहना उचित नहीं- विक्रमादित्य सिंह
छह बागी विधायकों की सदस्यता रद्द किए जाए पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा, ”अभी मेरा इस पर कुछ भी कहना उचित नहीं है। हमारे पर्यवेक्षक यहां आए हैं, उन्होंने परिस्थिति को देखा है और फिर स्पीकर ने फैसला लिया है इसलिए मेरा इसपर कुछ कहना उचित नहीं है।” विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पर्यवेक्षक यहां आए हैं और चीजें ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं। हम उनसे फिर बात करेंगे कि कैसे चीज़ों को ठीक करना है। हिमाचल देवभूमि है और हम प्रभु राम का भी आशीर्वाद लेकर आए हैं। सबका आशीर्वाद साथ है तो जो होगा अच्छा होगा।

उनका नाराज होना जायज – सांसद प्रतिभा सिंह
वहीं इस मामले पर जब हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख और सांसद प्रतिभा सिंह से पूछा गया तो उन्होंने कहा, ”जब आपको(सुखविंदर सिंह सुक्खू) एक साल से ज्यादा समय हो गया है, फिर भी आप उनके मसलों का संज्ञान नहीं ले रहे, उनकी बात नहीं सुन रहे तो उनका नाराज होना जायज है। अगर वे उन्हें बैठाकर बात करते तो आज यह स्थिति नहीं होती।”

छह बागी विधायक अयोग्य घोषित
बता दें कि, इससे पहले हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने छह कांग्रेस विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया। विधायकों ने सदन में वित्त विधेयक पर सरकार के पक्ष में मतदान करने के पार्टी व्हिप का उल्लंघन किया था। अयोग्य घोषित किए गए विधायकों में राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, इंद्रदत्त लखनपाल, देवेंद्र कुमार भुट्‌टो, रवि ठाकुर और चैतन्य शर्मा शामिल हैं।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा,‘‘ ये छह विधायक अयोग्य घोषित किए जाते हैं और ये तत्काल प्रभाव से हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सदस्य नहीं रहेंगे।” इन विधायकों ने मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार हर्ष महाजन के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button