15 जनवरी से शुरू करेगी ‘घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’ अभियान, हरियाणा कांग्रेस ने ‘मिशन 2024’ के लिए कसी कमर

चंडीगढ़: सत्तारूढ़ भाजपा के ‘पन्ना प्रमुखों’ को चुनौती देने के लिए अब प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस भी लोगों के घर-घर दस्तक देगा। लोकसभा चुनावों के लिए वॉर रूम बना दिया है। साथ ही, बूथ स्तर पर कमेटियां का गठन किया जाएगा। प्रदेश में हलकावार चल रही जनआक्रोश रैलियां व जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलनों के बीच अब पार्टी ने ‘घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’ अभियान छेड़ने का ऐलान किया है। 15 जनवरी से यह अभियान शुरू होगा। अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की अहम बैठक हुई यह पार्टी की जनरल हाउस मीटिंग थी, लेकिन एसआरके ग्रुप यानी कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और किरण चौधरी की तिकड़ी ने इस कार्यक्रम से भी दूरी बनाकर रखी। ये तीनों ही नेता पिछले लम्बे समय से कांग्रेस की बैठकों में शिरकत नहीं कर रहे हैं।

बुधवार को यह बैठक पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी दीपक बाबरिया की मौजूदगी में हुई। बैठक में पूर्व सीएम और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष चौ़ उदयभान, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा व कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज के अलावा कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। एसआरके ग्रुप ही नहीं, पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष – रामकिशन गुर्जर, श्रुति चौधरी व सुरेश गुप्ता भी बैठक में नजऱ नहीं आए। हालांकि सैलजा कैम्प से नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी बैठक में मौजूद रहीं। कालका विधायक प्रदीप चौधरी, असंध विधायक शमेशर सिंह गोगी, साढौरा विधायक रेणु बाला ने बैठक से दूरी बनाकर रखी।

बैठक में हुड्डा कैम्प से जुड़े विधायक चिरंजीव राव, धर्म सिंह छोक्कर, शीशपाल केहरवाला, इंदूराज नरवाल, अमित सिहाग, कुलदीप वत्स व नीरज शर्मा भी नहीं पहुंचे। इस मौके पर दीपक बाबरिया ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनावी मोड में काम कर रही है। 14 जनवरी को राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू होगी। इसके अगले ही दिन हरियाणा कांग्रेस की तरफ से नये अभियान की शुरूआत की जाएगी। पार्टी द्वारा हलकावार जन-आक्रोश रैलियां की जा रही हैं, जिन्हें लोगों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब ‘हर घर कांग्रेस’ अभियान के जरिए वोटर्स से वन-टू-वन संवाद किया जायेगा। इस मौके पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। हरियाणा में कांग्रेस की हवा स्पष्ट महसूस की जा सकती है। जनता के सामने भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार की कारगुजारियां उजागर हो चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button