राम मंदिर दान मामले में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: मंत्री विपुल गोयल
फरीदाबाद में कार्यक्रम के दौरान बोले कैबिनेट मंत्री— सरकार की पूरे मामले पर कड़ी निगरानी, निष्पक्ष जांच जारी; पारदर्शी व्यवस्था बनाकर भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगेगी रोक
भावना कौशिश,फरीदाबाद | हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार इस पूरे प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जांच में जिन कर्मचारियों या अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई जाएगी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
फरीदाबाद के सेक्टर-15 में आयोजित एक कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि राम मंदिर देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में दान राशि से जुड़े किसी भी प्रकार के अनियमितता के आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और जांच एजेंसियां पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना कार्य कर रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस मामले को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों या भ्रम की स्थिति पैदा न करें, क्योंकि जांच पूरी निष्पक्षता और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ रही है।
मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा केवल दोषियों को सजा दिलाना ही नहीं है, बल्कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यवस्था को और अधिक मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना भी है। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विपुल गोयल ने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस मामले में सरकार पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




