होटल कर्मचारी पर जानलेवा हमला, एक आरोपी गिरफ्तार

सेक्टर-12 स्थित चंदीला फूड होटल में पिस्टल तानकर फायरिंग की कोशिश, कार, हथियार और कारतूस बरामद

भावना कौशिश,फरीदाबाद।होटल कर्मचारी पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान केशव शर्मा निवासी सेक्टर-3 फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव चंदावली निवासी अभिषेक ने थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि वह सेक्टर-12 मोड़ स्थित चंदीला फूड होटल में कार्य करता है। 20 मई की सुबह करीब 5:30 बजे वह अपने साथी अशोक और अन्य कर्मचारियों के साथ होटल पर मौजूद था। तभी एक कार में सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे और ऑर्डर के बहाने उसे अपने पास बुलाया।

जैसे ही अभिषेक कार के पास पहुंचा, युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि पीछे की सीट पर बैठे युवक ने उतरकर उसके साथ मारपीट की, जबकि आगे की सीट पर बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर उसकी छाती पर तान दी और गोली चलाने का प्रयास किया।

हालांकि कर्मचारी ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद का बचाव किया और अन्य कर्मचारियों की मदद से आरोपी के हाथ से पिस्टल छीन ली। शिकायत के आधार पर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी केशव अपने दो अन्य साथियों के साथ होटल पर खाना खाने पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर होटल कर्मचारियों से विवाद हो गया। इसी दौरान उसके साथी रोहित ने पिस्टल निकालकर कर्मचारी पर फायर करने की कोशिश की।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा सिविक कार को बरामद कर लिया है। साथ ही मौके से एक पिस्टल और कारतूस भी कब्जे में लिए गए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button