सीवरेज टैंक में उतरे दो युवकों की दर्दनाक मौत, जहरीली गैस बनी काल

फरीदाबाद के जीवन नगर स्थित एसटीपी प्लांट में सफाई के दौरान हादसा, बचाने उतरे तीसरे कर्मचारी की बची जान

भावना कौशिश, फरीदाबाद। जीवन नगर स्थित ईदगाह के पास बने एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दोनों कर्मचारी बेहोश होकर टैंक में गिर गए और उनकी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार एसटीपी प्लांट के रखरखाव का कार्य एक निजी ठेकेदार के पास है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे कर्मचारी अनमोल टैंक की सफाई के लिए अंदर उतरा था। कुछ देर बाद वह अचानक बेहोश होकर टैंक में गिर पड़ा। अनमोल को बचाने के लिए उसका ममेरा भाई आकाश भी टैंक में उतरा, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया।

इसके बाद विपिन नामक एक अन्य कर्मचारी दोनों को बाहर निकालने के लिए टैंक में उतरा, लेकिन उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति को भांपते हुए बाहर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उसे बाहर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद दोनों कर्मचारियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि मृतक अनमोल और आकाश एसटीपी प्लांट परिसर में ही रहते थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण टैंक के अंदर बनी जहरीली गैस को माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button