सीही श्मशान घाट में पार्किंग निर्माण कार्य शुरू, अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के सहयोग से शुरू हुआ निर्माण कार्य, आसपास की कई कॉलोनियों के हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
भावना कौशिश,फरीदाबाद। गाँव सीही स्थित श्मशान घाट में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के सहयोग से पार्किंग निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को वाहनों की पार्किंग को लेकर होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, सीही श्मशान घाट केवल गाँव सीही तक सीमित नहीं है, बल्कि सेक्टर-4, सेक्टर-7, सेक्टर-8, सेक्टर-9, सेक्टर-10, सेक्टर-11, प्रेम नगर, पटेल नगर सहित आसपास के अनेक क्षेत्रों के लोग भी अंतिम संस्कार के लिए इसी श्मशान घाट का उपयोग करते हैं। वर्षों से यहां पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण शोकाकुल परिवारों और अन्य लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
क्षेत्रवासियों द्वारा इस समस्या को कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद उन्होंने तत्काल मामले पर कार्रवाई करते हुए पार्किंग निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
सीही श्मशान घाट प्रबंधन समिति और स्थानीय नागरिकों ने इस जनहितकारी पहल के लिए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य न केवल पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान करेगा, बल्कि अंतिम संस्कार के दौरान आने वाले लोगों के लिए सुविधाजनक वातावरण भी उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य अजीत नंबरदार और वार्ड-39 की पार्षद प्रत्याशी रूमा नंबरदार ने भी मंत्री विपुल गोयल का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्किंग निर्माण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को अपने वाहनों की पार्किंग को लेकर किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कार्य शीघ्र पूरा होकर आमजन को समर्पित किया जाएगा।




