पुलिस बता रही हादसा, परिजन लगा रहे हत्या के आरोप, फतेहाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मुनीम की मौत

टोहाना : टोहाना उपमंडल के गांव जाखल क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। मृतक का शव जाखल के नजदीक गांव साधनवास के पास सड़क किनारे सिर फटा मिला है। उसकी बाइक काफी दूर रोड पर दुर्घटनाग्रस्त मिली है। पुलिस इस घटना को सड़क हादसा मानकर चल रही है तो वहीं परिजन व गांव के लोग हत्या की आशंका बता रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले में तफ्तीश की जा रही है।

परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस से की न्याय की मांग

जानकारी के अनुसार जाखल के गांव सिधानी निवासी 23 वर्षीय सतगुरु सिंह जाखल की अनाज मंडी में  मुनीम का काम करता था। वह रोज की तरह रात को काम निपटाकर बाइक पर घर की तरफ रवाना हो गया। मंडी में धान का सीजन होने के चलते देर रात वह देरी से घर के लिए निकला, लेकिन उसका शव साधनवास के पास सड़क किनारे खेत में मिला। मृतक का सिर फटा हुआ था और लहुलूहान था। उसका बाइक भी करीब डेढ़ एकड़ दूर पड़ा हुआ मिला। प्रथम दृष्टया ही माना जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है लेकिन शव और बाइक में काफी दूरी होने के चलते अब ग्रामीण व मृतक के परिजन इसमें हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जाखल थाना में एकत्रित होकर पुलिस से न्याय की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

NEWS SOURCE Credit : punjabkesari

Related Articles

Back to top button