मुखबिरी के शक में मौत का खेल! युवक पर चढ़ाई स्कॉर्पियो
यमुनानगर CIA की दबिश के बाद फरार हुआ वांछित आरोपी, सिरोही गांव में मचाया उत्पात; कई लोग घायल, पुलिस तलाश में जुटी
भावना कौशिश,फरीदाबाद । फरीदाबाद के धौज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस को सूचना देने के शक में एक वांछित आरोपी ने युवक को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश की। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना में कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, यमुनानगर पुलिस की सीआईए टीम चोरी के एक मामले में वांछित आरोपी परवेज तालीम को गिरफ्तार करने के लिए फरीदाबाद पहुंची थी। जैसे ही आरोपी को पुलिस की दबिश की भनक लगी, वह अपने एक साथी के साथ काली स्कॉर्पियो में मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि फरार होने के बाद आरोपी धौज क्षेत्र के सिरोही गांव पहुंचा। वहां उसने एक महिला के घर जाकर कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी।
इसी दौरान आरोपी को शक हुआ कि गांव निवासी नसीफ ने ही पुलिस को उसकी लोकेशन की सूचना दी थी। इसी शक के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से नसीफ की ओर दौड़ा दी। नसीफ को बचने का मौका नहीं मिला और वह वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार इतनी तेज थी कि नसीफ को टक्कर मारने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार से जा टकराया। हादसे के दौरान आसपास मौजूद कुछ अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए और घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है। वायरल वीडियो के आधार पर भी पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका रही और पूरे घटनाक्रम के पीछे क्या कारण थे।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।




