झपटमार गिरफ्तार, छीना गया मोबाइल बरामद
क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की कार्रवाई, बदखल झील क्षेत्र से आरोपी दबोचा
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा स्नैचिंग की वारदातों पर लगातार शिकंजा कसते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस चौकी सेक्टर-15A क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नैचिंग की घटना में कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेन (19), निवासी गांव अनखीर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। आरोपी को बदखल झील क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता नरेंद्र, निवासी सेक्टर-15A, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 मई की रात वह गांव अजरौंदा स्थित एक दुकान से दूध लेकर लौट रहा था और रास्ते में मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पीछे से आए और उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने आरोपी देवेन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात के समय देवेन अपने दो अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार था। मोटरसाइकिल हर्ष सोनी चला रहा था, जबकि जय पीछे बैठा था। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जय की थी।
पुलिस ने आरोपी देवेन के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



