टुंडी पर भी खत्म होगा सस्पेंस, झारखंड के कोयलांचल में भाजपा के तीन दिग्गज 28 को करेंगे नामांकन

झारखंड के कोयलांचल में मौसम में ठंडक के बीच विधानसभा चुनाव के कारण सियासी तपिश बढ़ती जा रही है। 25 अक्तूबर को धनबाद प्रत्याशी राज सिन्हा एवं सिंदरी की भाजपा प्रत्याशी तारा देवी नामांकन कर चुकी हैं। अब 28 अक्तूबर को एक साथ तीन दिग्गज प्रत्याशियों का नामांकन होना है। झरिया से रागिनी सिंह, बाघमारा से सांसद ढुलु महतो के भाई शत्रुघ्न महतो और निरसा से पूर्व मंत्री अपर्णा सेनगुप्ता पर्चा भरेंगी।
होगा शक्ति प्रदर्शन
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मौसम ने साथ दिया तो 28 को नामांकन में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी है। पूरी संभावना है कि भाजपा के कोई बड़े नेता नामांकन में पहुंचेंगे और कोयलांचल में चुनावी कैंपेन का आगाज करेंगे। फिलहाल कौन नेता 28 को आएंगे, यह अभी तय नहीं है। खराब मौसम के कारण 25 को हिमंता बिस्वा सरमा का दौरा रद्द हो गया था। 27 अक्तूबर की शाम तक निर्णय हो जाएगा कि 28 को धनबाद में नामांकन के दौरान कौन स्टार प्रचारक मौजूद रहेंगे।
अभी धनबाद की 6 में चार सीटों पर भाजपा का कब्जा
वर्तमान में धनबाद जिले की छह विधानसभा सीटों में से चार पर भाजपा का कब्जा है। कोयलांचल में भाजपा की मजबूत पैठ रही है। विधानसभा चुनाव 2024 में भी भाजपा की कोशिश है कि कोयलांचल में बेहतर प्रदर्शन हो। झारखंड के किसी भी क्षेत्र के मुकाबले भाजपा यहां बेहतर प्रदर्शन करती रही है। 2024 विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के मुकाबले भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहता है, यह आने वाला वक्त ही बताएगा।
टुंडी पर भी खत्म होगा सस्पेंस, चौंका सकते हैं सुदेश
धनबाद जिले की छह विधानसभा सीटों में से पांच पर भाजपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। अब नामांकन अंतिम दौर पर पहुंच गया है। टुंडी सीट को लेकर अब तक निर्णय नहीं हुआ है। कोयलांचल में टुंडी सीट को लेकर भाजपाइयों के बीच काफी चर्चा है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि टुंडी को लेकर कोई सस्पेंस नहीं है। व्यस्तता के कारण टुंडी सीट को लेकर भाजपा और आजसू में बातचीत नहीं हो पा रही है। बहुत जल्द टुंडी सीट पर निर्णय हो जाएगा। अंदरखाने में चर्चा है कि टुंडी से आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो या उनका कोई करीबी भी चुनाव लड़ सकता है। यदि सुदेश महतो टुंडी से चुनाव लड़ते हैं तो कोयलांचल की चुनावी लड़ाई रोचक हो जाएगी।
NEWS SOURCE Credit : livehindustan




