सामुदायिक पुलिसिंग टीम फरीदाबाद द्वारा किया गया “पुलिस की पाठशाला” का आयोजन, महिलाओं व बच्चो को किया जागरुक,

पुलिस आयुक्त फरीदाबाद के आदेशानुसार और पुलिस उपायुक्त मुख्यालय के मार्गदर्शन में सामुदायिक पुलिसिंग टीम द्वारा “संतोष नगर कॉलोनी” में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा विषय पर केंद्रित “पुलिस की पाठशाला” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर पुलिस टीम ने Dial 112, India 112 App, और Child Helpline 1098 के महत्व को विस्तारपूर्वक समझाया। सभी प्रतिभागियों को बताया गया कि संकट की घड़ी में ये हेल्पलाइन सेवाएं कितनी सहायक सिद्ध हो सकती हैं। इसके अतिरिक्त, Trip Monitoring System की जानकारी दी गई जिससे विशेषकर महिलाओं की यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।
कार्यक्रम का दूसरा महत्वपूर्ण भाग नशा मुक्ति अभियान पर केंद्रित रहा। टीम ने उपस्थित महिलाओं और बच्चों को प्रेरित किया कि वे इस अभियान को केवल एक मुहिम नहीं बल्कि एक जनआंदोलन बनाएं। बताया गया कि यदि बच्चे और महिलाएं एकजुट हो जाएं तो किसी भी परिवार में नशा पनप नहीं सकता। यदि किसी को पता चले कि आस-पड़ोस में कोई अवैध रूप से नशा बेच रहा है, तो उसकी सूचना हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन 9050891508 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
कार्यक्रम की थीम रही: “चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो”, जिसमें सभी को संदेश दिया गया कि अन्याय, शोषण और अपराध के विरुद्ध खुलकर आवाज उठाना जरूरी है। इस दौरान वीडियो वैन के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को नशे की सामाजिक बुराइयों और इसके दुष्प्रभावों पर आधारित वीडियो दिखाए गए, जिससे वे स्वयं समझ सकें कि नशा कैसे घरों और समाज को बर्बाद करता है। कार्यक्रम में बालिकाओं, महिलाओं एवं अन्य स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फरीदाबाद पुलिस की इस पहल की सराहना की।




