जानें कौन सी दवा बनी उम्मीद की किरण, अब दो इंजेक्शन से खत्म हो जाएगा HIV?

HIV जैसी गंभीर और अब तक लाइलाज मानी जाने वाली बीमारी के खिलाफ मेडिकल साइंस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अमेरिका के FDA (Food and Drug Administration) ने गिलियड साइंसेज (Gilead Sciences) द्वारा तैयार किए गए लेनाकापाविर (Lenacapavir)इंजेक्शन को मंजूरी दे दी है। यह इंजेक्शन साल में केवल दो बार लिया जाएगा और HIV संक्रमण से लगभग 99.9% तक सुरक्षा देने में सक्षम बताया जा रहा है।

क्या है यह नया इंजेक्शन?

लेनाकापाविर एक लॉन्ग-एक्टिंग इंजेक्शन है जो प्री-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस यानी PrEP की स्थिति में दिया जाता है। यानी यह उन लोगों को लगाया जाएगा जो HIV संक्रमण के संभावित खतरे में हैं लेकिन अभी संक्रमित नहीं हैं। इसकी एक डोज हर छह महीने में दी जाएगी। यह अब तक का पहला इंजेक्शन है जो इतनी लंबी अवधि तक प्रभावी रहने का दावा करता है।

ट्रायल में मिले हैरान कर देने वाले नतीजे

इस दवा के दो क्लिनिकल ट्रायल किए गए:

  • पहला ट्रायल: इसमें 2000 से अधिक महिलाओं को शामिल किया गया। इन महिलाओं में इंजेक्शन के बाद HIV संक्रमण का एक भी मामला नहीं मिला।
  • दूसरा ट्रायल: इसमें पुरुष प्रतिभागी थे। इनमें से केवल दो लोगों को संक्रमण हुआ। इस हिसाब से 99.9% सफलता दर्ज की गई।

इन परिणामों ने इसे HIV से बचाव की सबसे भरोसेमंद दवा बना दिया है।

अब तक क्या था विकल्प?

HIV से बचने के लिए अब तक रोजाना प्रेप टैबलेट्स लेनी पड़ती थीं या हर दो महीने में इंजेक्शन लेना होता था। इन दवाओं का असर अच्छा था लेकिन उनकी नियमितता और लंबी अवधि की खुराक को लेकर मरीजों में अक्सर समस्या रहती थी।

एक आम व्यक्ति की पहुंच से दूर?

हालांकि यह इंजेक्शन खासी महंगी साबित हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेनाकापाविर की सालाना लागत $28,000 (लगभग ₹23 लाख)तक बताई जा रही है। यह कीमत एक सामान्य मरीज के लिए काफी अधिक है और भारत जैसे विकासशील देशों में इसकी पहुंच सीमित रह सकती है।

HIV से बचने के अन्य उपाय

जब तक यह इंजेक्शन आम लोगों की पहुंच में नहीं आता, तब तक बचाव के पारंपरिक तरीकों का पालन बेहद जरूरी है:

  • नियमित HIV टेस्ट करवाते रहें
  • हर बार कंडोम का इस्तेमाल करें
  • किसी भी इंजेक्शन या ब्लड टेस्ट के समय नया सिरिंज ही इस्तेमाल करवाएं
  • टैटू बनवाते समय नया नीडल इस्तेमाल हो यह सुनिश्चित करें
  • असुरक्षित यौन संबंधों से बचें
  • STI (सेक्शुअली ट्रांसमिटेड इन्फेक्शन) का इलाज समय पर करवाएं

कैसे फैलता है HIV?

  • असुरक्षित यौन संबंधों से
  • संक्रमित सिरिंज या ब्लड से
  • HIV पॉजिटिव मां से बच्चे को, गर्भावस्था या स्तनपान के दौरान

उम्मीद की नई किरण लेकिन चुनौती अब भी बाकी

लेनाकापाविर HIV से लड़ाई में उम्मीद की नई किरण बन सकता है। हालांकि इसके उच्च दाम और सीमित उपलब्धता इस उपचार को फिलहाल आम जनता से दूर रखे हुए हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि यह दवा सस्ती और व्यापक रूप से उपलब्ध हो जाए, तो HIV जैसी महामारी को नियंत्रित करना संभव हो सकता है।

NEWS SOURCE Credit :punjabkesari

Related Articles

Back to top button