ग्रीनफील्ड कॉलोनी की कपड़ा दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की कार्रवाई, ₹7000 बरामद; मुख्य आरोपी पर पहले से 37 चोरी के मामले दर्ज

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस ने ग्रीनफील्ड कॉलोनी स्थित एक कपड़ों की दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी और जतिन निवासी उत्तम नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-82 निवासी नीरज ने थाना सूरजकुंड में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जनवरी 2026 को उनकी ग्रीनफील्ड कॉलोनी स्थित कपड़ों की दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर कपड़े, कैमरे और नकदी चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने मिलकर दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹7000 की नकदी भी बरामद की है। जांच में यह भी पता चला कि मुख्य आरोपी सन्नी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली और फरीदाबाद में चोरी के 37 मामले दर्ज हैं। वहीं सह-आरोपी जतिन के खिलाफ भी 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button