स्क्रू बैरल चोरी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार
15 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद, अपराध शाखा सेक्टर-56 की कार्रवाई
भावना कौशिश,फरीदाबाद। संजय कॉलोनी स्थित एक वर्कशॉप से स्क्रू बैरल चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पवन ने पुलिस चौकी संजय कॉलोनी में दी शिकायत में बताया था कि सेक्टर-23 स्थित उसकी वर्कशॉप में स्क्रू बैरल बनाने का कार्य होता है। वर्कशॉप के बाहर रखे स्क्रू बैरल की जांच करने पर पांच स्क्रू बैरल गायब मिले। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी सुभाष ऑटो चलाने के साथ विभिन्न वर्कशॉप से सामान लाने और ले जाने का कार्य करता है। उसने सेक्टर-23 स्थित वर्कशॉप के बाहर रखे स्क्रू बैरल देखे और अपने दो साथियों नितिन कैथ तथा तरनजीत उर्फ राहुल के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 हजार रुपये तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया है। मामले में शामिल नितिन कैथ और तरनजीत उर्फ राहुल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उनसे एक स्क्रू बैरल और 1 लाख 25 हजार रुपये बरामद किए गए थे।



