ऐसे हुआ खुलासा, शादी करवाने का कहकर लघु सचिवालय पहुंचा सतबीर निकला झूठा

रेवाड़ी: हाल ही में पहचान पत्र बनवाने की मांग लेकर जिला रेवाड़ी के लघु सचिवालय पहुंचे नया गांव निवासी सतबीर सिंह के सभी दावे तथ्यहीन पाए गए हैं। सतबीर सिंह ने पीपीपी पोर्टल पर बिना आवेदन के आधारहीन बातों के साथ प्रशासन के समक्ष फैमिली आईडी बनवाने की मांग की थी। इस पर उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने सतबीर सिंह की मांग के अनुरूप जांच करवाई तो उसके द्वारा किए गए दावे तथ्यहीन मिले और पाया गया कि केवल सुर्खियां बटोरने की मंशा से ही यह प्रपंच रचा गया था।

मामले को लेकर उपायुक्त इमरान रजा ने क्रीड के नोडल अधिकारी एवं एडीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल को जांच सौंपी। स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने बताया कि 29 जून 2023 को क्रीड टीम रेवाड़ी ने सतबीर सिंह उर्फ़ सतबीर शर्मा निवासी नया गांव डोहकी की सिंगल मेंबर वेरिफिकेशन के लिए गांव का दौरा किया और तथ्यपूर्ण ढंग से जांच की। टीम की जांच के दौरान तथ्य सामने आए कि उक्त व्यक्ति सतबीर सिंह उर्फ़ सतबीर शर्मा ने आज तक परिवार पहचान पत्र बनवाने के लिए विभाग से कभी सम्पर्क ही नहीं किया। उन्होंने न तो किसी सीएससी सेंटर से परिवार पहचान पत्र बनवाने के लिए कोई आवेदन किया, जिसके आधार पर क्रीड उनके आवेदन पर कोई कार्यवाही कर पाए।

उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति के परिवार में 2 बेटे हैं, बड़ा बेटा गुरदयाल सीआरपीएफ में नौकरी करता है और वर्तमान में हैदराबाद में रहता है और छोटा बेटा विनोद नजफगढ में झुरझुरी गांव में रहकर अपना पैतृक व्यवसाय चला रहा है। सतबीर सिंह के पड़ोसियों के अनुसार यह लगभग 1 महीने से ही अपने बेटे के घर से अपने पैतृक गांव में आया है। जांच के दौरान बताया कि उक्त व्यक्ति पिछले 20 सालों से अपने छोटे बेटे के साथ नजफगढ़ में रह रहा था और कभी कभी 10-15 दिन के लिए गांव में आते रहे हैं।

PunjabKesari

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जांच में सामने आया है कि सतबीर सिंह अपनी पेंशन या कोई अन्य लाभ सरकार से लेने के लिए यह प्रयास नहीं कर रहे बल्कि वह तो संभवत: पूर्ववर्ती प्रयासों की भांति इस बार भी सस्ती लोकप्रियता हासिल करना चाहते हैं। उक्त व्यक्ति सतबीर सिंह इससे पहले भी एक बार अपने बेटे के साथ नजफगढ़ में रहते हुए रेवाड़ी विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुके हैं और उसके बाद उन्होंने अपने गांव में सरपंच का भी चुनाव लड़ा था, जिसमें उनकी जमानत जब्त हुई थी।

 

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button